सलैयाडीह में राम जी पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव संपन्न, मेधावी छात्र सम्मानित
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम सलैयाडीह स्थित राम जी पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव एवं परीक्षा परिणाम वितरण कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एलकेजी से कक्षा 8 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नन्हे बच्चों ने नृत्य, गीत, नाटक और देशभक्ति प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया, जिसे देख उपस्थित अभिभावक और अतिथि भाव-विभोर हो उठे।इस दौरान विद्यालय द्वारा वार्षिक परीक्षा परिणाम भी घोषित किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों के हाथों बच्चों को सम्मानित किए जाने से उनका उत्साह और बढ़ा।विद्यालय के प्रबंधक रंजीत यादव ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनका सर्वांगीण विकास करना है, ताकि वे भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ओम प्रकाश रावत, प्रेम कुशवाहा, अनिल यादव, संजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने विद्यालय के इस आयोजन की सराहना करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
