दुद्धी में चंद्रवंशी क्षेत्रीय चेतना व होली मिलन समारोह का आयोजन, समाज को शिक्षित व एकजुट होने का आह्वान

OM PRAKASH RAWAT

दुद्धी में चंद्रवंशी क्षेत्रीय चेतना व होली मिलन समारोह का आयोजन, समाज को शिक्षित व एकजुट होने का आह्वान

दुद्धी (सोनभद्र):

स्थानीय नगर पंचायत के डीसीएफ कॉलोनी स्थित ग्रीन स्टार प्रतिष्ठान में चंद्रवंशी क्षेत्रीय चेतना एवं होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. भीम सिंह चंद्रवंशी तथा मुख्य संरक्षक झारखंड के पूर्व शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक हरिराम चेरो, समाजसेवी संजय सिंह धुर्वे, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन और डॉ. लवकुश प्रजापति मंचासीन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी ने किया।समारोह का शुभारंभ जरासंध महाराज के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर व पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का अंगवस्त्र, माल्यार्पण, मोमेंटो एवं बुके देकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। साथ ही समाजहित में योगदान देने वाले पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया तथा दिवंगत पदाधिकारियों को उनके कार्यों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने चंद्रवंशी समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज को शिक्षित होकर एकजुटता के साथ आगे बढ़ना चाहिए। समाजसेवी संजय सिंह धुर्वे ने सभी को होली की बधाई देते हुए दुद्धी में भगवान जरासंध की प्रतिमा स्थापित कराने के लिए मूर्ति देने की घोषणा की।डॉ. लवकुश प्रजापति ने आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए समाज को शिक्षा के माध्यम से निरंतर प्रगति की ओर बढ़ने का आह्वान किया। वहीं महेश्वर चंद्रवंशी ने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भूलकर एकजुट होकर आगे बढ़ने तथा शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।मुख्य संरक्षक रामचंद्र चंद्रवंशी ने अपने संबोधन में जरासंध महाराज के इतिहास और उनके पराक्रम का उल्लेख करते हुए समाज को जागरूक और संगठित होने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज समाज के लोग राजनीति व विभिन्न क्षेत्रों में ऊंचे पदों पर पहुंच रहे हैं, जिससे समाज की पहचान बढ़ रही है।

मुख्य अतिथि डॉ. भीम सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि चंद्रवंशी समाज को शिक्षित और नशामुक्त बनना होगा। उन्होंने चंद्रवंशी क्षेत्रीय चेतना संगठन के माध्यम से पूरे देश के स्वजाति बंधुओं को एक मंच पर लाने की बात कही तथा दुद्धी में चंद्रवंशी चौपाल निर्माण की घोषणा करते हुए इसके लिए सरकारी जमीन उपलब्ध कराने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान होली मिलन को लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिसकी उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की।इस अवसर पर विंध्यवासिनी गुप्ता, सुभाष प्रसाद चंद्रवंशी, पप्पू कुमार, राष्ट्रीय प्रवक्ता जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी, राष्ट्रीय सचिव जीत कुमार, प्रदेश अध्यक्ष लवकुश, राजेंद्र चंद्रवंशी, सिद्धनाथ, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहार मिथिलेश निषाद, जिला अध्यक्ष बिहार बबलू कुमार, मंटू चंद्रवंशी, विजय चंद्रवंशी, कन्हैया रवानी, प्रमोद रवानी, सत्येंद्र चंद्रवंशी, रोहित चंद्रवंशी, सत्यम, रवि चंद्रवंशी, प्रमोद चंद्रवंशी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment