वार्षिक खेल-कूद उत्सव का भव्य शुभारंभ, छात्रों ने दिखाया दमखम
विकास खण्ड दुद्धी के ग्राम पंचायत बुटबेढ़वा स्थित कम्पोजिट विद्यालय विंढमगंज में आयोजित एक दिवसीय वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता का शुभारंभ बड़े उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधान मंत्री कार्तिक कुमार एवं खेल मंत्री ज्योति यादव ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात दोनों अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर एवं फीता काटकर खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 100 मीटर दौड़ (प्राथमिक वर्ग) में अपने-अपने वर्ग में शिवांगी, शिवानी, प्रिया, हिना, राशि, शहादत, शाहिद, अंशु और पियूष प्रथम स्थान पर रहे। वहीं 100 मीटर दौड़ (उच्च प्राथमिक वर्ग) में जोया, संजना, लक्ष्मी, बबलू शर्मा, आयुष और अभय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
लंबी कूद प्रतियोगिता में बबलू शर्मा, प्रतीक एवं अभय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि बालिका वर्ग में जोया, संजना और लक्ष्मी ने बाजी मारी। इसके अलावा कबड्डी, खो-खो तथा बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भी बच्चों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रधानाध्यापक राजकमल यादव ने अपने संबोधन में कहा कि अच्छी शिक्षा के साथ-साथ खेलों को बढ़ावा देना भी अत्यंत आवश्यक है। खेलों से जहां शरीर स्वस्थ रहता है, वहीं मानसिक विकास और आपसी भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है।कार्यक्रम का कुशल संचालन शालिनी कुमारी एवं वरिष्ठ शिक्षिका अंजूरानी द्वारा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर रहा।
