अनाथ पुष्पिता राय का हरमू घाट में विधिवत अंतिम संस्कार


रांची, 02 सितम्बर – 79 वर्षीय पुष्पिता राय का प्राकृतिक कारणों से निधन अपना घर वृद्धाश्रम, लटमा रोड, हेसाग में हुआ। वह डोरंडा रांची के एक संभ्रांत परिवार से थीं, परंतु समय के साथ उनका पूरा परिवार काल कवलित हो गया। सीसीएल से सेवानिवृत्ति के बाद उनकी आय और संपत्ति समाप्त हो गई, जिसके बाद उन्होंने पिछले 7-8 वर्षों से “अपना घर” को अपना स्थायी ठिकाना बना लिया था।
पिछले कुछ दिनों से वे अस्वस्थ थीं। उन्होंने इच्छा व्यक्त की थी कि निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज से किया जाए। इस संबंध में आश्रम संचालकों ने विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह-सेवा प्रमुख अशोक कुमार अग्रवाल से संपर्क किया। इसके बाद अंतिम संस्कार की सभी व्यवस्था की गई।अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी संतोष अग्रवाल ने निभाई, जिन्होंने अब तक 100 से अधिक अनाथ और असहाय व्यक्तियों का अंतिम संस्कार किया है। उन्होंने मुक्तिधाम हरमू घाट पर स्वयं मुखाग्नि देकर विधिवत संस्कार सम्पन्न कराया। इस कार्य में विश्व हिंदू परिषद रांची महानगर के अध्यक्ष कैलाश केसरी, नारनौली अग्रवाल सभा के प्रकाश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल (हरमू), तथा हरमू घाट के विजय मिंज और उनके पुत्रों आशीष मिंज व अभय मिंज का योगदान रहा।संतोष अग्रवाल ने आवश्यक सामग्री की संपूर्ण व्यवस्था की। विश्व हिंदू परिषद झारखंड सेवा विभाग के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि विहिप का संकल्प है कि रांची महानगर में किसी भी असहाय या अनाथ व्यक्ति के निधन पर उसका अंतिम संस्कार हिंदू विधि-विधान के अनुसार कराया जाएगा। वर्ष 2016 से सेवा विभाग इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
संपर्क:
संजय सर्राफ, प्रवक्ता सेवा विभाग, विहिप झारखंड – 8271790800
अशोक कुमार अग्रवाल, प्रांत सह-सेवा प्रमुख, विहिप झारखंड – 8862823043