खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटा, दबकर किसान की दर्दनाक मौत
विण्ढमगंज, सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम केवाल में सोमवार को खेत की जुताई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से 35 वर्षीय किसान आलम पुत्र अजमेरुद्दीन की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, आलम अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह उसके नीचे दब गए। परिजनों के मुताबिक, काफी देर तक वह ट्रैक्टर के नीचे फंसे रहे। ग्रामीणों और परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. मनोहर कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र अहमद रजा (8 वर्ष), तुफैल आलम (7 वर्ष) तथा पांच वर्षीय पुत्री तमन्ना को छोड़ गए हैं। पिता की असामयिक मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया है, जिससे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
