आकाशीय बिजली गिरने से 8 वर्षीय बालक की मौत, एक गंभीर जिला अस्पताल रेफर

कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा के असनाबांध टोला में शुक्रवार शाम करीब 4.30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से 8 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 8 वर्षीय आवेश तिग्गा, पुत्र पप्पू तिग्गा, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामनाथ, पुत्र जगदेव, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने
प्राथमिक जांच के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजनारायण भारती व सहयोगी रंजीत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कोन थाना पुलिस को घटना की सूचना दी तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
