रांची–रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण हादसा, पिता-पुत्र समेत तीन गंभीर घायल

OM PRAKASH RAWAT

रांची–रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण हादसा, पिता-पुत्र समेत तीन गंभीर घायल

विंढमगंज (सोनभद्र): थाना क्षेत्र विंढमगंज से होकर गुजरने वाले रांची–रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरनाकछार पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। ट्रक और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों की पहचान हरनाकछार ग्राम पंचायत निवासी अशोक विश्वकर्मा (45 वर्ष), उनके पुत्र सूर्यकांत विश्वकर्मा (25 वर्ष) तथा सहयोगी पिंटू (20 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अशोक विश्वकर्मा अपने घर से टेंट का सामान एक मालवाहक गाड़ी पर लोड कराकर स्वयं मोटरसाइकिल से अपने पुत्र और सहयोगी के साथ पड़ोसी गांव सलैयाडिह में एक वैवाहिक कार्यक्रम में टेंट लगाने जा रहे थे।इसी दौरान विंढमगंज से दुद्धी की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अशोक विश्वकर्मा का दाहिना पैर, सूर्यकांत का दाहिना हाथ और पिंटू का दाहिना पैर टूट गया।घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सवारी टेंपो से विंढमगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टर सत्येंद्र प्रसाद और फार्मासिस्ट रंजीत ने प्राथमिक उपचार करने के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर थाने ले गई।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Share This Article
Leave a comment