विंढमगंज में होली मिलन समारोह: व्यापारीगण रंग-गुलाल संग जमकर झूमे
मुख्य अतिथि संजय कुमार गोंड धुर्वे ने दिया भाईचारा और प्रेम का संदेश, रंगारंग कार्यक्रम व व्यंजनों का लोगों ने उठाया लुत्फ
विंढमगंज थाना क्षेत्र के रामलीला फड में आयोजित होली मिलन समारोह में व्यापारीगणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग, गुलाल और गीत-संगीत के बीच सभी ने एक-दूसरे को होली की बधाई दी और उत्सव के माहौल में जमकर झूमे।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय कुमार गोंड धुर्वे तथा विशिष्ट अतिथि मान सिंह गोंड रहे। अतिथियों का व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व व्यापारियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।समारोह का आयोजन संयोजक अमल कुमार जायसवाल एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश केशरी की अगुवाई में किया गया। कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। साथ ही विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का भी सभी ने लुत्फ उठाया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि होली का पर्व भाईचारा, प्रेम और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं।कार्यक्रम के दौरान प्रशासन के लोग भी मौजूद रहे और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।