गायों से भरी पिकअप व टाटा मैजिक पकड़ी, चालक फरार
विंढमगंज। थाना क्षेत्र में गौरक्षक सदस्यों
ने गौकशी के उद्देश्य से ले जाई जा रही गायों से भरी एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया। वाहन का चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया। पिकअप में तीन गाय लदी हुई थीं, जिन्हें झारखंड की ओर ले जाया जा रहा था।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे एक पिकअप वाहन तेज गति से विंढमगंज की ओर जा रही थी। शक होने पर गौरक्षक सदस्य कार्तिक चंद्रवंशी, नीरज कुमार, अजीत शर्मा एवं चंदन पासवान ने बाइक से पीछा कर वाहन को रुकवाया। वाहन रुकते ही चालक मौके से फरार हो गया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को अपने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
इसी क्रम में लगभग एक घंटे बाद गौरक्षक सदस्यों द्वारा एक अन्य वाहन टाटा मैजिक को भी रोका गया। जांच के दौरान उसमें भी तीन गाय पाई गईं। पशु-चिकित्सक डॉ. तरुण रवि द्वारा गायों की जांच की गई, जिसमें बताया गया कि दो गाय दुधारू थीं, एक गाय गर्भवती थी, जबकि शेष गाय सामान्य अवस्था में थीं, जिन्हें गौकशी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।थाना प्रभारी ने बताया कि गायों से भरे दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है तथा फरार चालकों की तलाश की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक व कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
